भोपाल। बच्चा ही तो था… गलती हुई भी थी, तो एक-दो मार कर छोड़ देते… अपराधी की तरह क्यों पीटा? मैं अस्पताल पहुंचा, तो उसके सिर, कंधे, पेट के नीचे और आंखों पर घाव थे। मेरे बच्चे को जानवर की तरह पीटा है।’’ ये दर्द है भोपाल में पुलिस के हाथों मारे गए इंजीनियर उदित के पिता राजकुमार गायके का।
एमपीइबी में इंजीनियर राजकुमार ने बताया कि उसने मुझे फोन पर कहा था कि कुछ काम से जा रहा हूं… यह नहीं बताया कि बेंगलुरू की आइटी कंपनी में नौकरी लग गई है… दोस्तों के साथ पार्टी करने जा रहा हूं। वो हमें सरप्राइज देना चाहता था। मुझे तो बेंगलुरू से उसके किसी दोस्त का फोन आया। उसने डबडबाती आवाज में कहा- ‘‘अंकल, जल्दी एम्स जाइए, उदित परेशानी में है।’’ मैं वहां पहुंचा, तो उदित को देख कर दहल गया।
बताते हैं कि पिपलानी इलाके में वह पतली गली में भाग रहा था। उन दोनों सिपाहियों ने पकड़ा और बुरी तरह पीटा। उदित के परिवार में ज्यादातर लोग सरकारी नौकरी में हैं। न पैसों की कमी है और न ही कोई और। अपना काम करना और सबसे नरमी से पेश आना… यही परिवार का नियम है।
इस दीवाली पर चाचा, बुआ सहित सब इकट्ठा होने वाले थे, अब मातम पसरा है। उदित की मां और बहनें सदमे में हैं। न खाती हैं, न बात करती हैं। सिर्फ रो रही हैं। उदित का दोस्त आदित्य बता रहा है कि वो इतना भला था कि दोस्तों की मदद के लिए अपने काम छोड़ देता था।
हत्यारे पुलिस वाले की गिरफ्तार
भोपाल में डीएसपी के साले और सॉफ्टवेयर इंजीनियर उदित गायकी (20) को पीटने वाले दोनों पुलिस आरक्षक संतोष बामनिया और सौरभ आर्य को रविवार को जेल भेज दिया गया है। इससे पहले दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस इन्हें नकाब पहनाकर कोर्ट लाई थी और नकाब में ही वापस ले गई।
यह था मामला
दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को शनिवार देर रात गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को ही दोनों पर हत्या का केस भी दर्ज किया गया था। गुरुवार रात को पिपलानी थाने में पदस्थ आरक्षक संतोष बामनिया और सौरभ आर्य ने उदित की डंडे से पिटाई की थी। इसका वीडियो भी सामने आया था।
पिटाई के बाद उदित बेहोश हो गया। उसके दोस्त उसे एम्स लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। उदित के शरीर पर 16 जगहों पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। अगले दिन शुक्रवार की सुबह उदित की मौत हो गई थी। शुक्रवार को दोनों आरक्षकों को सस्पेंड भी कर दिया गया था।
बेरहमी से पिटाई मौत की वजह
शनिवार को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उदित की मौत की वजह बेरहमी से पिटाई होना बताई गई। रिपोर्ट मैं मौत की वजह ट्रॉमा अटैक और पेनक्रियाज डैमेज बताया गया।
