इंदौर के नंदलालपुरा इलाके में कल देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई जब करीब 20 से ज्यादा किन्नरों ने एक साथ आत्महत्या करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला दो किन्नर गुटों के बीच लंबे समय से चल रहे वर्चस्व विवाद से जुड़ा है। अचानक हुए इस सामूहिक आत्महत्या प्रयास से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। सभी किन्नरों ने फिनाइल और पेट्रोल जैसे पदार्थ पिए थे। घटना के दो विडिओ भी सामने आये। एक में किन्नरों का समुह केमिकल पीते हुए नज़र आया और दूसरे में वो सड़कों पर गिरते – पड़ते दिखे।
पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और सभी किन्नरों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। एमवाय अस्पताल में भी जोन-3 के थानों की पुलिस तैनात करना पड़ गई। अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. बसंत कुमार निंगवाल ने बताया कि किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है।
किन्नरों के बड़े झुंड ने सड़कों पर उत्पात भी मचाया। इस घटना की कवरेज करने वाले मीडियाकर्मी और पुलिसकर्मियों के साथ भी किन्नरों ने अभद्रता की। पुलिस अफसर उन्हें समझाने का प्रयास भी करते रहे।
इसके अलावा करीब 100 किन्नर पंढरीनाथ थाने भी पहुंच गए। उनका आरोप है कि सपना हाजी,उसका प्रेमी राजा हासमी,साथी विजय,वकील,पंकज,अक्षय से धमकी मिल रही है। सपना के खौफ के कारण आत्महत्या की कोशिश की है। इस दौरान पुलिस को स्थिति संभालने के दूसरे थानों का बल बुलाना पड़ा।
क्या है पूरा मामला?
नंदलालपुरा इलाके की किन्नर पायल गुरु और एमआर-10 इलाके की किन्नर सपना हाजी के बीच लंबे समय से वर्चस्व का विवाद चला आ रहा है। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद का फायदा उठाते हुए दो व्यक्ती पंकज और उसका साथी अक्षय एक गुट के पास पहुंचे। उन्होंने खुद को पत्रकार बताकर नाम खराब करने की धमकी दी और रुपये की डिमांड करने लगे।
पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी पंकज जबरन एक किन्नर को बिल्डिंग में ले गया और उसके गलत काम किया। आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर झूठा केस दर्ज कराने की भी धमकी दी थी। इसी घटना से तंग आकर कल किन्नरों के एक समुह ने आत्मघाती कदम उठाया था।
पुलिस ने देर रात सपना हाजी, अक्षय कुमायू, पंकज जैन और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की। इनके खिलाफ किन्नर सोना मंगला गोरी और नंदगिरी महामंडलेश्वर ने शिकायत दर्ज कराई थी। FIR दर्ज होने के बाद बुधवार रात पुलिस ने सपना हाजी को गिरफ्तार किया कर लिया। वहीं, अक्षय कुमायू और पंकज जैन FIR दर्ज होने के बाद से फरार है। पुलिस उनकी तलाश में है। दावा है कि सपना हाजी गुट के लोग मंगला गोरी और नंदगिरी महामंडलेश्वर के शिष्यों को कथित तौर पर प्रताड़ित कर रहे थे।
इसी के चलते बुधवार रात 24 किन्नरों अपने जान देने की कोशिश की। साथियों की तबीयत बिगड़ती देख बाकी किन्नर भी सड़कों पर उतर आए। वे सड़कों पर लेट गए और जाम लगा दिया। सपना हाजी के खिलाफ नारेबाजी की।
आरोप है कि दोनों गुटों के आपसी विवाद को लेकर पहले एक बार SIT बनाई गई थी। किन्नरों का कहना है कि उन्होंने इस मामले में पहले भी SIT को कई सबूत सौंपे चुके हैं। लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कल की घटना के बाद एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है। सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
