उत्तराखंड में चले रहे 38वे राष्ट्रीय खेलों में, मध्य प्रदेश के देवास जिले के 19 वर्षीय देव कुमार मीना ने एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया, जब उन्होंने एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पुरुषों के पोल वॉल्ट इवेंट में 5.32 मीटर की छलांग लगाते हुए, गुजरात 2022 में एस शिवा के बनाए रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
हालांकि इस कीर्तिमान को स्थापित करने के बाद भी, देव भारतीय एथलेटिक्स फेडरेशन के एशियाई एथलीट्स चैंपियनशिप के क्वालिफिकेशन मार्क 5.51 मीटर से थोड़ा ही पीछे रह गए।
इस उपलब्धि पर उन्होंने कहा, “मेरे लिए राष्ट्रीय रिकॉर्ड तक का सफर लंबा रहा। इसमें सबसे बड़ा सहयोग मेरे माता – पिता और कोच का रहा। मैं एक किसान परिवार से ताल्लुक रखता हूं और यहां तक का सफर चुनौतियों से भरा हुआ था। सोचा कि मुझे कुछ नया करना है, इसलिए आज मैंने इतिहास रच दिया।”
अब क्यूबाई कोच Ángel Eduardo García Esteban से ट्रेनिंग ले रहे मीना की नज़र 5.50 मीटर की छलांग के साथ एशियाई चैंपियनशिप में क्वालिफाई करने पर है।
राष्ट्रीय खेलों में देव की यह उपलब्धि भारतीय पोल वोल्टिंग के लिए एक ज़रूरी कदम है, क्योंकि इस खेल में भारत ने दुनिया को अब तक कुछ खास प्रभावित नहीं किया है। उनकी ओलंपिक में सफलता की राह अभी लम्बी है, लेकिन ये कामयाबी उम्मीद देती है कि इस खेल में भारत की संघर्ष यात्रा जल्द ही ख़त्म होगी।
मध्य प्रदेश का प्रदर्शन!
इन राष्ट्रीय खेलों में मध्य प्रदेश अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। राज्य अब तक 10 गोल्ड, 5 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज पदक जीतकर कुल 20 पदक जीत चुका है। प्रतियोगिता 14 फरवरी तक चलने वाली है, तो आशा है कि पदकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।