इंदौर-उज्जैन हाईवे पर शिप्रा के पास मंगलवार रात एक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को देवास के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में युवक को इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार गुरुजी टेकचंद महाराज की समाधि उत्सव से लौट रहा था।
ट्रक की चपेट में आया परिवार
हादसा शिप्रा के अर्जुन बड़ौद गांव के पास हुआ। यहां अंकित (पुत्र गोपाल देवड़ा) अपनी पत्नी रूपाली, तीन वर्षीय बेटे गोरांश और बेटी हशिंका के साथ बाइक पर सवार थे। अचानक सामने से आ रहे ट्रक (क्रमांक MP09 GH 3057) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में चारों घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी को देवास सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
एमवाय अस्पताल में तोड़ा दम
अस्पताल में अंकित की हालत गंभीर होने पर उसे देर रात एमवाय अस्पताल, इंदौर भेजा गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता गोपाल देवड़ा ने बताया कि परिवार काकड़ ग्राम में आयोजित गुरुजी टेकचंद महाराज के समाधि उत्सव में शामिल होकर लौट रहा था। अंकित किराना सामान की होलसेल मार्केटिंग करता था। उसकी मां की पहले ही बीमारी के चलते मौत हो चुकी है और उसकी एक बहन की शादी हो चुकी है।
कई फीट तक घसीटता गया ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक बाइक को कई फीट तक घसीटता हुआ ले गया। बाइक ट्रक के नीचे फंस गई थी और परिवार सड़क पर बुरी तरह घायल पड़ा था। लोगों का आरोप है कि मौके पर काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची, जिससे घायल सड़क पर ही तड़पते रहे। पुलिस भी मौके पर देर से पहुंची और बाद में 112 वाहन से घायलों को अस्पताल भेजा गया।
