इंदौर. नो-एंट्री के नए नियम से नाराज ट्रक वालों ने हड़ताल का एलान कर दिया है। इंदौर में कुछ खास सडक़ों पर खास समय में नो-एंट्री से छूट की मांग कर रहे ट्रांसपोर्ट कारोबारी, मांग पूरी न होने पर आज से हड़ताल पर हैं। ट्रकों के चक्के थम गए हैं। एसोसिएशन ऑफ पार्सल ट्रांसपोर्ट एंड फ्लीट ऑनर्स के अध्यक्ष राकेश तिवारी और सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि आज से माल बुकिंग और डिलीवरी बंद कर दी है। नो-एंट्री में राहत पर अधिकारियों की तरफ से भरोसा तो दिया जा रहा है, लेकिन जब तक लिखित में आदेश जारी नहीं होता, काम बंद रहेगा।
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के लोगों ने ये कहा
इंदौर ट्रक ऑपरेटर एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीतसिंह बग्गा और सचिव पवन शर्मा ने भी नो-एंट्री के विरोध में आज से कारोबार बंद रखने की सूचना सभी ट्रांसपोर्ट कारोबारियों, हम्मालों, मैकेनिकों और ऑटो पाट्र्स कारोबारियों तक पहुंचा दी है।
इन इलाकों में दिखेगा असर
हड़ताल का असर लोहा मंडी, ट्रांसपोर्ट नगर, देवास नाका, पोलोग्राउंड, पंचकुइया इलाकों में देखा जा सकता है। दावा है कि बड़ी तादाद में गाडिय़ां खड़ी हो गई हैं। सब्जी और अनाज मंडी में भी ट्रक नहीं जाएंगे। कारोबारियों की मांग है कि नो-एंट्री के मामले में अधिकारी व्यवहारिक फैसला करें, ताकि प्रदेश की औद्योगिक और व्यापारिक राजधानी इंदौर में कारोबार पर असर न पड़े।
