दुनिया में कुख्यात अपराधी Jeffrey Epstein के नाम से जुड़े बाल यौन शोषण कांड की तरह ही उत्तर प्रदेश के बांदा और चित्रकूट से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। चित्रकूट में सिंचाई विभाग के निलंबित जूनियर इंजीनियर रामभवन और उसकी पत्नी दुर्गावती को 33 नाबालिग बच्चों के यौन शोषण के मामले में फांसी की सजा सुनाई गई है।
विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट प्रदीप कुमार मिश्रा ने इस अपराध को दुर्लभ से दुर्लभतम मानते हुए आदेश दिया कि दोनों को तब तक फांसी पर लटकाया जाए जब तक उनकी मृत्यु न हो जाए। अदालत ने जेई पर 6.45 लाख रुपये और उसकी पत्नी पर 5.40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
बच्चों के शोषण से बनाई अश्लील सामग्री, सोशल मीडिया और डार्क वेब पर बिक्री
जांच में सामने आया कि दंपती 33 नाबालिगों का यौन शोषण कर उनकी अश्लील तस्वीरें और पोर्न वीडियो बनाते थे। इन वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और डार्क वेब के जरिए बेचा जाता था।
सीबीआई को रामभवन के पास से एक पेन ड्राइव में 34 अश्लील वीडियो और 779 तस्वीरें मिलीं। वह तीन मोबाइल नंबर और तीन ईमेल आईडी के जरिए इस अवैध धंधे को संचालित कर रहा था।


अनपरा से जुड़ा लिंक, ऑनलाइन यूनिट की सतर्कता से खुला राज
मामले की कड़ी सोनभद्र के अनपरा से जुड़ी। दिल्ली में नौकरी कर रहा इंजीनियर नीरज यादव ऑनलाइन आपत्तिजनक लिंक साझा करता था। इसकी जानकारी विशेष ऑनलाइन चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज एंड एक्स्प्लाइटेशन यूनिट को हुई। सितंबर 2020 में नीरज को गिरफ्तार किया गया और उसके घर से आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।
जांच के दौरान रामभवन का नाम सामने आया। सीबीआई के एएसपी अमित कुमार ने 10 फरवरी 2021 को आरोपपत्र दाखिल किया। 26 मई 2023 को आरोप तय हुए और पांच जून 2023 से सुनवाई शुरू हुई।
74 गवाह, 25 पीड़ित बच्चों की गवाही
अदालत में 74 गवाह पेश किए गए, जिनमें 25 पीड़ित बच्चों ने खुद गवाही दी। 163 पृष्ठों के फैसले में अदालत ने दंपती को दोषी करार दिया।
अदालत ने सरकार से मिलने वाली सहायता राशि और लगाए गए जुर्माने से प्रत्येक पीड़ित बच्चे को 10 10 लाख रुपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया। रामभवन के पास से जब्त आठ लाख रुपये और उस पर मिला ब्याज भी पीड़ितों में बराबर बांटने के निर्देश दिए गए।
यह फैसला न केवल अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है बल्कि समाज के लिए भी चेतावनी है कि बच्चों के खिलाफ अपराध को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
https://www.instagram.com/p/DVAg4IME91h/?igsh=NTBwazZoc2lrZ2Vi
