Kolkata। वोट की जुगाड़ में नेता हर जतन कर रहे हैं। कोई रोटी बेलता दिखा है, तो किसी ने बाल काटे। कोई मटकी-फोड़ खेलता दिखा, तो किसी ने खेत में जुताई की। भाजपा प्रत्याशी ने तो मछली हाथ में लेकर प्रचार भी किया। बीरभूम के दुबराजपुर से टीएमसी प्रत्याशी नरेंद्र चंद्र बोरी ने ईद के मेले में मटकी-फोड़ खेला। आंख पर पट्टी बांध कर लटकती मटकी को तोडऩे की नाकाम कोशिश की। 2016 के चुनाव में भी ऐसा किया था, तब जीत मिली। 2021 में टिकट कट गया। फिर से मौका मिला है, तो पुरानी जुगाड़ अपना रहे हैं।
नाई की दुकान पर पहुंच गए
भाजपा विधायक अनूप कुमार साहा नाई की दुकान पर पहुंच गए। वहां उस्तरा हाथ में ले लिया। ग्राहक की दाढ़ी बनाने लगे। बोले कि मुझे मेरे वोटरों के हर काम में हाथ बंटाना है, इसलिए मैंने दाढ़ी बनाई। नाई समाज के हजारों वोट हैं। उन्हें यकीन दिलाना चाहता हूं कि अपना ही हूं।
खेत में उतर कर जुताई
पुरशुराह से भाजपा विधायक बीमान घोष ने खेत में उतर कर जुताई की। आराम बाग इलाके के हाट बसंतापुर से टीएमसी प्रत्याशी मीता बाग महिलाओं के साथ गोबर के उपले बनाती नजर आईं। उनका काफिला गुजर रहा था, तभी एक महिला को उपले बनाते देखा, तो साथ काम करने लगीं। इसके फोटो-वीडियो आम होने के बाद मीता की किरकिरी भी होने लगी। दिखावटी चुनाव प्रचार बताया गया।झाडग़्राम जिले में गोपी वल्लभपुर से भाजपा प्रत्याशी राजेश महतो भजन मंडली में पहुंच गए। वहां गाया भी और नाचे भी। गुलाल भी खेला। गोघाट सीट से टीएमसी के निर्मल मांझी ने किचन में जाकर खाना बनवाया। स्टेथोस्कोप से मरीज की जांच करते भी दिखे। एक और भाजपा प्रत्याशी प्रशांत दिगार ने आलू के खेत में उतर कर कीटनाशक उड़वाया।
