Indore। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इंदौर नगर निगम, जिसका बजट हज़ारों करोड़ का है, उसकी घोर लापरवाही के कारण पेयजल में प्रदूषण/ज़हरीले तत्व मिल जाने से कई लोगों की मौतें हुईं, जो किसी भी रूप में “सरकारी हत्या” से कम नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा और उसके नेता पूरे मामले को सांप्रदायिक रंग देकर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के सामने माफ़ीनामे लिखने वालों की विचारधारा से निकली पार्टी आज देश को आज़ादी दिलाने वाली कांग्रेस की देशभक्ति पर सवाल उठा रही है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। पटवारी ने कहा कि वन्दे मातरम् जैसे राष्ट्रभक्ति के प्रतीक को भाजपा राजनीतिक हथियार बना रही है, जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस का इतिहास स्वतंत्रता संग्राम और बलिदान से भरा है। भाजपा की वैचारिक जड़ें उन संगठनों से जुड़ी हैं जिन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं दिया। आज भाजपा अपने भ्रष्टाचार और विफलताओं को छुपाने के लिए राष्ट्रवाद की आड़ ले रही है।
इंदौर के प्रभारी मंत्री डॉ. मोहन यादव से पटवारी ने सीधे सवाल पूछे:
• सफ़ाई मित्रों की सरकारी लापरवाही से हुई मौतों का ज़िम्मेदार कौन?
• इंदौर बायपास यमलोक बन गया है, जहाँ सैकड़ों लोगों की जान जा रही है, इसका ज़िम्मेदार कौन?
• नगर निगम द्वारा हज़ारों करोड़ के भ्रष्टाचार से इंदौर को नर्क बनाने का ज़िम्मेदार कौन?
• एम.वाय. अस्पताल में लापरवाही और अमानवीय घटनाओं का जिम्मेदार कौन?
उन्होंने कहा, जिस भाजपा ने वर्षों तक अपने कार्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया, वही आज देशभक्ति के प्रमाण पत्र बाँट रही है — यह दोहरा चरित्र है।
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि जब से “एक्सीडेंटल महापौर” बने हैं, नगर निगम की परिषद लगातार सांप्रदायिक मुद्दों की भेंट चढ़ाई जा रही है, जबकि शहर के असली मुद्दों पर चर्चा से बचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित परिषद की बैठक, जो इंदौर के विकास के लिए महत्वपूर्ण थी, उसे जानबूझकर भटकाकर स्थगित कर दिया गया — यह जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात है।
उन्होंने भाजपा से मांग की कि जल्द से जल्द नगर निगम परिषद की बैठक बुलाकर जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब दिया जाए। कांग्रेस नेताओं ने इंदौर की बिगड़ती स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं जताईं। नलों में गंदा और दूषित पानी, खस्ताहाल सड़कें और गड्ढों से भरी व्यवस्था, पूरी तरह चरमराई यातायात व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट की अव्यवस्था और अंधेरे में डूबे इलाके, स्मार्ट सिटी के अधूरे और लटके हुए प्रोजेक्ट, नगर निगम में व्यापक भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी।
वर्मा ने कहा कि कांग्रेस के हर कार्यकर्ता के डीएनए में स्वतंत्रता संग्राम की भावना है और भाजपा की गंदी सांप्रदायिक राजनीति का जवाब आने वाले समय में जनता देगी।
पत्रकार वार्ता में इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, राजेश चौकसे, गिरधर नागर, अफसर पटेल, संतोष गौतम एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया, राजा चौकसे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
https://www.instagram.com/reel/DW_VAMZCB2Y/?igsh=MWVkd3VxN3BmMTgzYQ==
