इंदौर । चांदी के भाव में तेजी जारी है। कल से अब तक 10 हजार रुपए बढ़े हैं। फिजिकल चांदी लेने के लिए व्यापारी 20 हजार रुपए ऑन ले रहे हैं। आज का भाव 1 लाख 81 हजार रुपए है। यदि 20 हजार ऊपर दिए जाते हैं, तो इंदौर सराफा बाजार में पहली बार चांदी 2 लाख रुपए किलो बिकेगी। सोने का भाव भी 1 लाख 30 हजार 500 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया है।
महंगाई का बाजार पर असर
चांदी-सोने में आई तेजी ने सराफा बाजार की कमर तोड़ दी। सन्नाटा है। जिन्हें शादी-ब्याह के लिए खरीदना भी है उधर जा रहे हैं, जहां उधारी मिल जाए। चांदी का आलम यह है कि कल 1 लाख 55 हजार पर परसों बाजार बंद हुआ था। कल का भाव 171000 था। जो आज बढक़र 180000 हो गया। 20 हजार ज्यादा देने पर पंद्रह दिन बाद का टोकन दिया जा रहा है।
गाहक और व्यापारी के मन की बात
माचल से सराफा पहुंचे ग्राहक का कहना है, नवंबर में लडक़े की शादी है। भाव आसमान पर हैं। सोना तो हाथों-हाथ और चांदी के लिए पन्द्रह दिन बाद का कहा है। बाजार भाव से बीस हजार ज्यादा लग रहे हैं, मैकिंग का पैसा अलग। सराफा व्यापारी का कहना है, हमें कोई खास फायदा हो रहा है। यहां के व्यापारियों ने स्टॉक नहीं रखा था। सोना तो फिर भी मिल रहा है, चांदी की डिलेवरी आठ दिन से बंद है। बढ़े दाम से सीजन डल हो गया। आधे ग्राहक भी नहीं आ रहे हैं, जबकि दुकानदारों ने ऑफर और मैकिंग चार्ज पर छूट भी रखी है। चांदी के पुराने व्यापारी का कहना है, इलेक्ट्रिक चिप से लेकर सोलर पैनल तक सब चांदी से बनाया जा रहा है, लेकिन सरकार को ध्यान रखना चाहिए कि चांदी आभूषण है। मेरी दुकान पर ही करीब दस किलो चांदी के ऑर्डर हैं, लेकिन देने के लिए दो किलो भी नहीं है। पुराने ग्राहक को तो कहीं से भी चांदी देना ही है।
