जम्मू में तबाही जारी है। आज सुबह रियासी इलाके के बदर गांव में लैंड-स्लाइड हुआ है। कई मौत का अंदेशा है। 7 शव बरामद हो गए हैं। दर्जनों लापता हैं। सर्च ऑपरेशन जारी है। उधर, कश्मीर के रामबन में बादल फटने से तीन मौत हो गई हैं, दो लापता हैं। हिमाचल प्रदेश के गौहर में भी बादल फटा है। सेना के कैंप को खाली कराना पड़ा है। पंजाब भी लबालब है। आठ जिलों के ढाई सौ गांवों में बाढ़ है। अब तक 8 मौत हो गई हैं। यूपी के 18 जिलों में भी बाढ़ के हालात हैं। 700 से ज्यादा मकान-दुकान ढह गए हैं।
वैष्णो देवी हादसे के पहले चेतावनी दी थी-
वैष्णो देवी रूट पर हुए हादसे से पहले मौसम विभाग ने चेतावनी दी थी। आपदा प्रबंधन टीम ने भी चेताया था, लेकिन ध्यान नहीं दिया। सीएम ओमर अब्दुल्ला कह रहे हैं कि इस मुद्दे पर तो बात जरूरी है कि जब हालात बता दिए थे, तो लोगों को ट्रैक पर क्यों जाने दिया। इस हादसे की जांच तीन सदस्यों की टीम कर रही है, जिसकी रिपोर्ट मां वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड को सौंपी जाएगी। इसके मुखिया उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ही हैं।
विधायक का गनमैन बाढ़ में बह गया, बचा लिया
उत्तराखंड के बागेश्वर में विधायक सुरेश गडिय़ा के साथ गया गनमैन बरसाती नाले में बह गया। रेस्क्यू टीम ने उसे बचा लिया। कपकोट के विधायक सुरेश गडिय़ा बादल फटने के बाद लोगों तक जरूरी सामान पहुंचाने के लिए गए थे। उनका गनमैन भी साथ था। नाला पार करते समय उसका पैर फिसल गया। वह बह गया। एसडीआरएफ की टीम ने उसे निकाल लिया।
