निगम ने सारे शहर को चार हिस्से में बांटा, अब देंगे काम का ठेका
इंदौर। इंदौर नगर निगम के द्वारा सीमेंट की सड़कों का पेंचवर्क करने के काम पर 2 करोड रुपए खर्च किए जाएंगे। इस काम के लिए निगम ने सारे शहर को चार हिस्से में बनता है। अब इस काम को करने के लिए ठेका दिया जाएगा।
सड़कों की बदहाल स्थिति से हर कोई वाकिफ है। सड़क चाहे डामर की हो या सीमेंट की हो हर सड़क पर इतने गड्ढे हो गए हैं कि वाहन चालक के लिए वाहन लेकर निकलना मुश्किल हो जाता है। स्थिति तो इतनी ज्यादा खराब हो चुकी है कि पैदल चलने वाले नागरिक को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क के गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं भी हो रही है और लोग परेशान भी हो रहे हैं। लेकिन उसके बावजूद इस स्थिति की तरफ ध्यान देने के लिए नगर निगम तैयार नहीं है। बारिश का मौसम शुरू होने से पहले नगर निगम के द्वारा जो पेंचवर्क करवाया गया था वह पानी नहीं गिरने के बावजूद मामूली बारिश में भी बह गया है। इससे यह अच्छी तरह से समझा जा सकता है कि नगर निगम के द्वारा कितना अच्छा काम करवाया गया था।
बारिश के मौसम में लगातार सड़कों की बुरी हालत को लेकर आवाज उठ रही है। कहीं से सड़क बह गई है तो कहीं पर सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क की इस स्थिति को बदलने के लिए जनता के प्रतिनिधियों की ओर से मांग की जा रही है। अब नगर निगम को भी इस मांग पर ध्यान देना पड़ रहा है। पिछले दिनों नगर निगम के द्वारा डामर की सड़कों के पेचवर्क के लिए टेंडर जारी किया गया था। इसके बाद यह सवाल उठने लगा था कि आखिर सीमेंट कांक्रीट की सड़कों के गड्ढे का क्या होगा। अब इस सवाल का भी जवाब नगर निगम देने की स्थिति में आ गया है।
निगम के अधिकारियों ने सारे शहर की सीमेंट की सड़कों पर पैच वर्क का काम करने के लिए योजना तैयार कर उसे मंजूरी दे दी है। इस योजना के अनुसार पूरे शहर को चार हिस्से में बांटा गया है। हर हिस्से का पैच वर्क का काम करने पर 50 लाख रुपए से लेकर 54 लाख रुपए तक की राशि खर्च की जाएगी। इस पूरे कार्य पर 2 करोड रुपए से कुछ ज्यादा राशि खर्च होगी। निगम के द्वारा इस काम को करने के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। हर पैकेज के लिए अलग एजेंसी ली जाएगी। ऐसी भी कोई रोक-टोक नहीं लगाई गई है कि एक एजेंसी दो पैकेज या उससे ज्यादा पैकेज का काम नहीं ले सकेंगी।
बारिश के मौसम के बाद होगा काम
नगर निगम के द्वारा यह तैयारी की जा रही है कि 30 सितंबर को आधिकारिक तौर पर बारिश का मौसम समाप्त हो जाएगा। इस मौसम के समाप्त होने के बाद ही शहर में डामर और सीमेंट की सड़कों के पैच वर्क का काम शुरू किया जाएगा। अक्टूबर के महीने से शुरू होने वाले इस काम को इस तरह से तेजी के साथ किया जाएगा कि दीपावली के त्यौहार के मौके पर शहर की सड़कों की स्थिति बेहतर हो जाएं। सड़कों की खराब स्थिति को लेकर नागरिकों के द्वारा दर्ज की जा रही शिकायत समाप्त हो जाएं।
8 महीने के लिए ठेका
निगम के द्वारा बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद से लेकर दीपावली का त्योहार शुरू होने के पहले के समय तक में सारा पेंचवर्क का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि इतने समय में तो जो सड़क खराब हो चुकी है उसे सही कर दिया जाएगा। इसके साथ इसके बाद में जहां भी आवश्यकता पड़ेगी वहां पर भी उस समय पर पैच वर्क करवाया जा सकेगा। इसके लिए नगर निगम के द्वारा जो टेंडर जारी किया गया है उसमें काम करने की अवधि को 8 महीने रखा गया है।
