कारोबार का लाइसेंस नहीं होने के कारण पहली बड़ी कार्रवाई
इंदौर। इंदौर नगर निगम के मार्केट विभाग की टीम के द्वारा सी 21 मल के परिसर में लगी 29 दुकानों को सील कर दिया गया है। इन दुकानों के पास कारोबार करने का नगर निगम का लाइसेंस नहीं था। इसके चलते हुए इन दुकानों पर कार्रवाई की गई है। लाइसेंस के कारण यह पहली बड़ी कार्रवाई की गई है।
नगर निगम के मार्केट विभाग के द्वारा पिछले दिनों शहर के सभी प्रमुख बाजारों और अलग-अलग क्षेत्र में शिविर लगाए गए थे। इस शिविर के माध्यम से व्यापार करने वालों को लाइसेंस बनवाने अथवा पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण करवाने के लिए कहा गया था। जब शिविर के आयोजन का सिलसिला पूरा हो गया तो निगम के द्वारा अब बिना लाइसेंस के कारोबार करने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मार्केट विभाग के प्रभारी अपर आयुक्त आकाश सिंह ने बताया कि सी 21 माल के एम ओ एस में दुकान लगा कर मार्केट बनाया हुआ है। कल जब नगर निगम की टीम इस मार्केट में लोगों के पास पहुंची और उन्होंने दुकान संचालक से कारोबार करने का लाइसेंस मांगा तो किसी के भी पास लाइसेंस नहीं था। ऐसी स्थिति में नगर निगम की टीम के द्वारा कार्रवाई करते हुए वहां पर 29 दुकानों को सील कर दिया गया है। इन सभी दुकानों का संचालन अवैध तरीके से किया जा रहा था। जिस स्थान पर यह दुकान लगाई गई थी उस स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति नहीं रहती है। अब नगर निगम की टीम के द्वारा अन्य मॉल में भी लगने वाली इस तरह की दुकानों को देखा जाएगा और वहां पर लाइसेंस की जांच की जाएगी। निगम के द्वारा अब शहर के प्रमुख बाजारों में भी अपनी टीम भेज कर व्यापारियों के लाइसेंस चेक किए जाएंगे। अब जिसके पास लाइसेंस नहीं मिलेंगे या लाइसेंस का नवीनीकरण का आवेदन किए जाने के दस्तावेज नहीं मिलेंगे तो ऐसी दुकानों को सील कर दिया जाएगा।
