बिहार के मधुबनी में NH-57 हाइवे पर तेज रफ्तार गाड़ी से तीन लोगों की मौत हो गई। जिस गाड़ी से ये हादसा हुआ, वह मधेपुरा DM विजय प्रकाश मीणा की बताई जा रही है। लोगों ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। मरने वालों में एक महिला, एक बच्चा, एक पुरुष शामिल है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसको इलाज के लिए DMCH अस्पताल भेजा गया है। लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद सुरक्षाकर्मी DM को सुरक्षित लेकर भाग गए। उन्हें रुककर देखना चाहिए था, लेकिन वह भाग गए। जिसकि वजह से लोगों में उनको लेकर काफी नाराजगी है।
5 दिनों की छुट्टी के बाद जा रहे थे मधेपुरा
घटना की जानकारी मिलते ही मधेपुरा के SP सुशील कुमार घटना स्थल पर पहुंचे। मिली जानकारी के मुताबिक मधेपुरा के DM विजय प्रकाश मीना 18 नवंबर से छुट्टी पर थे और पटना से मधेपुरा जा रहे थे। तभी उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गयी और यह हादसा हुआ। हालांकि इनोवा गाड़ी में DM थे या नहीं इसकी आधिकारिक रूप से जानकारी नहीं दी जा रही है। पुलिस अधिकारी इस सवाल पर चुप रहते हैं या दूसरी बातों की जानकारी देने लगते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि SP ने भी DM के गाड़ी में होने या ना होने को जांच का विषय बताया है। वही गाड़ी के ड्राइवर को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक DM राजस्थान के रहने वाले है जिनकी पहली पोस्टिंग मधेपुरा में हुई थी।