केदारनाथ मंदिर में आने वाले दान से VIP का खर्चा उठाया जा रहा है। आरटीआई में खुलासा हुआ है कि करीब आधा दर्जन भाजपा और कुछ संघ नेताओं के रहने-खाने और आने-जाने का खर्चा दिया गया। आरटीआई एक्टिविस्ट विकेश नेगी ने खुलासा किया है कि उत्तराखंड में मंत्री गणेश जोशी की लड़की नेहा जोशी के आने-रहने का 40 हजार रुपया मंदिर समिति की तरफ से दिया गया।
विधायक का बिल चुकाया
केदारनाथ से विधायक आशा नौटियाल के लिये तीन कमरे बुक किए गए थे। परिवार सहित आई थीं। 37 हजार 500 रुपये का बिल मंदिर समिति ने भरा। भाजपा में मंडल जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, संगठन में पदधिकारी हरीश पॉल का खर्चा भी दिया गया। इस लिस्ट में संघ प्रचारक प्रकाशजी के 22 हजार 500 रुपये का खर्च भी मंदिर ने चुकाया है। हंगामा होने के बाद जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मंदिर समिति कह रही है कि सबकुछ नियमों के मुताबिक हुआ है। आधी-अधूरी जानकारी आम करके बात का बतंगढ़ बनाया जा रहा है।
मंत्री की बेटी ने दी सफाई
मंत्री की बेटी नेहा जोशी कह रही हैं कि मैंने खुद पैसा दिया था। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का सबूत भी दे सकती हूं। विधायक आशा नौटियाल का कहना है कि मैंने कभी वीआईपी सुविधा नहीं ली। एक्टिविस्ट नेगी का आरोप है कि होटल और खाना तो ठीक है, हेलिकॉप्टर का टिकट तक का खर्चा मंदिर समिति ने दिया है। जब से मामला आम हुआ है, मुझ पर दबाव बना रहे हैं। वकील हूं… जिसे जो पूछना है, कोर्ट में आ जाए, वहीं जवाब दूंगा।
