4 जुलाई को हुई थी सवा 2 इंच बारिश, इसके बाद से था बारिश का इंतजार
इंदौर। करीब 53 दिन के लंबे अंतराल के बाद पिछले 24 घंटे में इंदौर में करीब 1 इंच बारिश हुई है। इसके पहले 4 जुलाई को इंदौर में सवा दो इंच बारिश हुई थी। उसके बाद से इंदौर में तेज और अच्छी बारिश का इंतजार किया जा रहा था।
कल रात में 3:00 बजे से इंदौर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। यह बारिश सुबह तक रुक-रुक कर होती रही। सुबह भी शहर का मौसम साफ नहीं था। आसमान पर बादल छाए हुए थे। यह लग रहा था कि अभी फिर से बारिश शुरू होगी और आज का दिन भी रुक रुक कर होने वाली बारिश के नाम पर रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार की सुबह 8:00 बजे से लेकर बुधवार की सुबह 8:00 बजे तक की अवधि में कुल 23.1 मिली मीटर बारिश हुई है। इस बारिश को करीब 1 इंच बारिश माना जा सकता है। पिछले काफी समय से इंदौर अच्छी और जोरदार बारिश का इंतजार करता हुआ नजर आ रहा था। इस अवधि में इंदौर में कभी भी तेज और अच्छी बारिश नहीं हो रही थी। इस दौरान इंदौर में या तो अपनी ही नहीं गिरता या फिर कुछ मिलीमीटर पानी गिर जाता और मौसम बदल जाता था। मौसम विभाग के अनुसार इसके पहले 4 जुलाई को इंदौर में 64.01 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई थी। जो की करीब सवा 2 इंच हुई थी। इसके बाद से कभी भी इंदौर में अच्छी और जोरदार बारिश नहीं हुई थी।
मौसम विभाग के अनुसार 12 अगस्त को 16.5, 11 अगस्त को 10, 1 अगस्त को 15.9, 23 जुलाई को 17.4, 8 जुलाई को 17.8, 7 जुलाई को 15.5 और 4 जुलाई को 64.01 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई थी। इस तरह 53 दिन बाद इंदौर में करीब 1 इंच बारिश होने की स्थिति बनी है। इस मौसम में अब तक 18 इंच से थोड़ी सी ज्यादा बारिश इंदौर में हो गई है। पिछले साल इस समय तक हुई बारिश की तुलना में यह करीब 9 इंच कम है।
